बिहपुर में गूंजा राष्ट्रप्रेम, हजारों लोगों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

बिहपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बिहपुर प्रखंड में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र के नेतृत्व में एसडी कॉलेज, गौरीपुर से बभनगामा स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर तक करीब सवा दो किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति गीतों की धुन से पूरा इलाका राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, जीविका दीदियां, एनसीसी कैडेट, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

इस मौके पर मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय गौरव और सम्मान की भावना को मजबूत करने के लिए हर घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव, कर्तव्य और जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होती है।
यात्रा में डीसीएलआर शैलेंद्र सिंह, प्रभारी कुलपति प्रो. (डॉ.) रंजना झा, महादेव सिंह, भागलपुर एसडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अरविंद सिंह, गौरीपुर एसडी कॉलेज के प्राचार्य धनंजय मिश्र, एसडीपीओ अनिकेत अमर, बीडीओ अभिनव भारती, सीओ अदिति रंजन, इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह, बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष शर्मा, झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, कार्यक्रम संयोजक प्रभुनंदन चौधरी, प्रो. गौतम, टीम एमबीयू सीनेट सदस्य अजय सिंह, मुकेश राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य अरुण सिंह, प्रो. प्रेरणा प्रियदर्शनी, प्रो. उषा मिश्रा, कुंदन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, आम लोगों और जीविका दीदियों की सहभागिता ने तिरंगा यात्रा को भव्य और यादगार बना दिया।



