गुरहट्टा चौक में धूमधाम से मनी बाबा गणिनाथ की 26वीं जयंती, एकजुटता का दिया संदेश

भागलपुर। गुरहट्टा चौक स्थित श्री श्री 108 बाबा गणिनाथ जी मंदिर परिसर में कानू हलवाई समाज के कुलदेवता बाबा गणिनाथ जी की 26वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। समारोह में समाज के लोगों ने बाबा गणिनाथ जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
समारोह का उद्घाटन पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, पीरपैंती प्रमुख सह प्रमुख संघ बिहार की अध्यक्ष रेशमी कुमारी, बिहपुर बभनगामा निवासी एवं समाजसेवी निरंजन साह, प्रवीण कुमार गुप्ता, इंजीनियर नंदकिशोर सहित संतोषी जी और डेजी जी ने संयुक्त रूप से किया।
समाज को शिक्षित और संगठित होने का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा के साथ-साथ संगठन और सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है।
पीरपैंती प्रमुख रेशमी कुमारी ने नारी शक्ति को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
वहीं टुनटुन साह ने सामाजिक गतिविधियों के साथ राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर अपने अधिकारों और विकास के लिए आगे आने का आह्वान किया।
बाबा गणिनाथ जी की जन्मस्थली को राजकीय मेले का दर्जा मिलने पर जताया आभार
बभनगामा निवासी समाजसेवी निरंजन साह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता के प्रति आभार जताते हुए बाबा गणिनाथ जी की जन्मस्थली को राजकीय मेले का दर्जा दिए जाने को समाज के लिए गौरव की बात बताया।
उन्होंने कहा कि केवल एक दिवसीय मेला आयोजित करने तक सीमित रहने के बजाय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संगठन को लगातार कार्य करने की जरूरत है।
स्वास्थ्य शिविर और भक्ति जागरण का आयोजन
समारोह के दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अमर आहूजा ने किया। डॉ. ओमनाथ भारतीय के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
संध्या में आयोजित भक्ति जागरण में समाज के राहुल सर के बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमन, राहुल, अलक्षेश, नंदू सह, प्रशांत, शोभा और डेजी सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



