बिहपुर-खरीक के तटबंधों पर भाकपा का बड़ा आरोप, फ्लड फाइटिंग में अनियमितता की CBI जांच की मांग

भागलपुर/नवगछिया। सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कार्यसमिति सदस्य निरंजन चौधरी के नेतृत्व में बिहपुर के लत्तीपुर-नरकटिया गंगा जमींदारी बांध और खरीक के राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों तटबंधों पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का जायजा लिया और तटबंधों की स्थायी सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप कटावरोधी कार्य कराने की मांग की।
भाकपा नेताओं ने फ्लड फाइटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग उठाई। नेताओं ने आरोप लगाया कि हर साल बाढ़ और कटाव के दौरान तटबंधों पर अस्थायी बचाव कार्य कराया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग राज्यपाल से करने की बात कही।
विक्रमशिला से नारायणपुर तक स्थायी सुरक्षा की मांग
भाकपा नेताओं ने कहा कि विक्रमशिला सेतु से राघोपुर होते हुए नारायणपुर तक गंगा तटबंध को स्थायी रूप से सुरक्षित करने की योजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने करीब पांच दशक पूर्व नारायणपुर रेलवे स्टेशन को गंगा के कटाव से बचाने के लिए किए गए सुरक्षा कार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय किए गए कार्य के कारण रेलवे स्टेशन आज भी सुरक्षित है।
नेताओं का कहना है कि इसी तरह वैज्ञानिक और तकनीकी दृष्टिकोण से स्थायी कटावरोधी संरचना तैयार कर तटबंध और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों को सुरक्षित किया जा सकता है।
पुरानी रेललाइन की जमीन को लेकर उठाए सवाल
भाकपा नेताओं ने दावा किया कि एनएच डिवीजन, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता ने पिछले वर्ष नवंबर में ही सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम से शंकरपुर-बिहपुर के बीच पुरानी रेललाइन की जमीन गाइड बांध निर्माण के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि इस मांग पर समय रहते सक्षम स्तर से गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई। नेताओं के मुताबिक, यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो वर्तमान में क्षेत्र को जिस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, उससे काफी हद तक बचाव संभव हो सकता था।
सरकार से तत्काल स्थायी योजना लागू करने की मांग
भाकपा प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि गंगा तटबंधों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी और स्थायी वैज्ञानिक योजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू किया जाए। नेताओं ने कहा कि हर वर्ष बाढ़ और कटाव के दौरान करोड़ों रुपये खर्च करने के बजाय ऐसी संरचना विकसित की जानी चाहिए, जिससे लोगों और उनकी संपत्ति को लंबे समय तक सुरक्षा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में बिहार राज्य नौजवान संघ के अध्यक्ष संजीत सुमन, बिहपुर अंचल मंत्री हिमांशु कुमार, खरीक के परमानंद मंडल, दया मंडल, रोहिन मंडल, पीरपैंती अंचल मंत्री अशोक यादव, बलराम सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।



