कहलगांव से गिरफ्तार हुआ जज दंपती पर हमले का कथित मुख्य शूटर, झारखंड पुलिस पहुंची भागलपुर

भागलपुर। कहलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के पथरगामा में न्यायाधीश और उनकी पत्नी पर हुए जानलेवा हमले के कथित मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू साहनी के रूप में हुई है।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के अनुसार, गुप्त सूचना और तकनीकी सत्यापन के आधार पर कहलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोनू साहनी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, जनवरी में झारखंड के पथरगामा थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने न्यायाधीश और उनकी पत्नी पर गोलीबारी की थी। घटना के बाद झारखंड पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान इस वारदात के तार भागलपुर के कहलगांव से जुड़े मिले।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल पहले ही बरामद कर ली थी। वहीं, मामले में एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान मोनू साहनी की भूमिका कथित तौर पर मुख्य शूटर के रूप में सामने आई।
गिरफ्तारी के बाद भागलपुर पुलिस ने इसकी सूचना झारखंड पुलिस को दी। झारखंड पुलिस की टीम भागलपुर पहुंचकर आरोपी को अपने साथ ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के जरिए हमले की वजह, साजिश में शामिल लोगों, हथियार और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई झारखंड पुलिस की जांच के आधार पर की जाएगी।



