विकास राशि के बंटवारे को लेकर निगम में घमासान, महापौर ने कहा- बातचीत से निकालें समाधान

भागलपुर। भागलपुर नगर निगम में विकास राशि के बंटवारे को लेकर जारी धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन के बीच महापौर ने आंदोलनकारी पार्षदों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। महापौर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। सभी पक्षों को आपस में बैठकर बातचीत के जरिए रास्ता निकालना चाहिए।
महापौर ने कहा कि पार्षदों की मांग पर ही विकास योजनाओं की एनआईटी जारी की गई थी। ऐसे में एनआईटी जारी होने के बाद राशि के बंटवारे पर सवाल उठाना और बिना बातचीत के आमरण अनशन पर बैठना उचित नहीं है।
पार्षदों से सर्वसम्मत सूची देने की अपील
महापौर ने समाधान का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि सभी पार्षद आपस में बैठकर उपलब्ध विकास राशि के बंटवारे पर सर्वसम्मति बनाएं और उसकी सूची नगर निगम को सौंपें। सूची के आधार पर नई एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि विकास में समानता का अर्थ केवल राशि का बराबर-बराबर बंटवारा करना नहीं है, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों में समानता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
अति पिछड़े वार्डों की समस्याओं का दिया हवाला
महापौर ने कहा कि नगर निगम के कई अति पिछड़े वार्डों में सड़क, नाली और जलजमाव जैसी गंभीर समस्याएं हैं। ऐसे वार्डों की जरूरतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। विकास राशि का उपयोग क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने धरने पर बैठे पार्षदों से आंदोलन समाप्त कर आमने-सामने बैठकर बातचीत करने तथा जनता के हित में सर्वसम्मत समाधान निकालने की अपील की।
प्रेस वार्ता में उप महापौर समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



