भागलपुर टाउन हॉल में ग्रामीण चिकित्सकों का सम्मेलन, प्रशिक्षण और सम्मान की मांग उठी

भागलपुर। भागलपुर के टाउन हॉल में अखिल भारतीय ग्रामीण चिकित्सक संघ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र में भागलपुर विधायक रोहित पांडेय, सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, बिहार भाजपा की महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर और कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से आए ग्रामीण चिकित्सकों ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान ग्रामीण चिकित्सकों की भूमिका की सराहना की। साथ ही ग्रामीण चिकित्सकों के प्रशिक्षण और उनके कार्य से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण चिकित्सकों को सम्मानजनक तरीके से प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की जरूरत है। बिना उचित प्रशिक्षण की व्यवस्था किए ग्रामीण चिकित्सकों की प्रैक्टिस पर रोक लगाने को लेकर भी कार्यक्रम में चिंता व्यक्त की गई। इस मुद्दे को विधायकों द्वारा सदन में उठाने की बात कही गई।
कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल ने भी ग्रामीण चिकित्सकों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के स्तर पर सकारात्मक पहल करने की बात कही।
ग्रामीण चिकित्सकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मंच से विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण चिकित्सकों को प्रमाणपत्र, मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बिहपुर प्रखंड के बभनगामा निवासी समाजसेवी निरंजन साह और योग शिक्षक संजीव को भी भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने सम्मानित किया।
इस दौरान समाजसेवी निरंजन साह ने भागलपुर सांसद, गंगा समग्र की राज्य समिति सदस्य श्वेता सिंह और कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र मंडल का बुके देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, ग्रामीण चिकित्सकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और ग्रामीण चिकित्सकों से जुड़े विषयों पर आगे भी सकारात्मक पहल जारी रखने पर जोर दिया गया।



