‘61 हजार वाली’ बयान पर अर्पणा का पलटवार! बोलीं- मेरा नहीं, 61 हजार मतदाताओं का किया अपमान

बिहपुर। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के बीच एक राजनीतिक बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र के ‘61 हजार वाली’ वाले बयान पर महागठबंधन प्रत्याशी कुमारी अर्पणा ने पलटवार किया है।
अर्पणा ने प्रेस वार्ता कर मंत्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में उन्हें करीब 61 हजार मतदाताओं ने अपना समर्थन दिया था। ऐसे में ‘61 हजार वाली’ कहकर टिप्पणी करना केवल एक प्रत्याशी पर टिप्पणी नहीं, बल्कि उन मतदाताओं का भी अपमान है, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था।
उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए। किसी प्रत्याशी को मिले मतों को लेकर इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
अर्पणा ने कहा कि वह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र की बेटी हैं और मंत्री के बयान से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर भी आपत्ति है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय राजनीतिक बयानबाजी के बजाय प्रभावित लोगों की मदद और राहत कार्यों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
दरअसल, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने 2025 विधानसभा चुनाव में करीब 61 हजार वोट पाने वाली कुमारी अर्पणा को लेकर ‘61 हजार वाली’ टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर अब अर्पणा ने सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अर्पणा के बयान के बाद बिहपुर की स्थानीय राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने के संकेत हैं।



