भागलपुर

बाढ़ राहत की मांग को लेकर आहुति गांव के ग्रामीणों का अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन

भागलपुर जिले के बिहपुर प्रखंड की हरियों पंचायत अंतर्गत कोसी के बाढ़ के पानी से घिरे वार्ड संख्या-1 स्थित आहुति गांव के बाढ़ प्रभावित महिला-पुरुषों ने शनिवार को सरकारी राहत की मांग को लेकर अंचल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहपुर पश्चिम-01 की जिला परिषद सदस्य रेणू चौधरी ने किया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामुदायिक किचन शुरू करने, सूखा राशन उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक राहत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि आहुति गांव के कई घरों में अब भी बाढ़ का पानी जमा है, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से केवल नाव संचालन की व्यवस्था की गई, जबकि अन्य राहत सुविधाओं को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव से सटे मधेपुरा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन, अस्थायी शौचालय, जीआर राशि समेत अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, आहुति गांव के प्रभावित परिवार राहत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल अंचल कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को लेकर अंचलाधिकारी अदिति रंजन और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती से बातचीत की।

अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों की सूची के आधार पर तत्काल प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अंचलाधिकारी और बीडीओ स्वयं आहुति गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और प्रभावित परिवारों का भौतिक सत्यापन करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन के बाद जीआर राशि समेत अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वरीय एवं सक्षम पदाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

जिला परिषद अध्यक्ष एवं प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और अपने-अपने घर लौट गए।

मौके पर बीपीआरओ काजल कुमारी, जिला परिषद सदस्य मोईन राईन, जिला परिषद प्रतिनिधि चंदन भारद्वाज, सरपंच प्रतिनिधि राजकिशोर, वार्ड सदस्य मंजु देवी, सुभाष सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button