नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता, ATM फ्रॉड मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार रुपये बरामद

नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ATM फ्रॉड के एक मामले का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद के अलावा कई ATM कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पासबुक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

मामला नवादा स्थित ATM से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को पीड़ित ने साइबर थाना नवगछिया में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 7 सितंबर को नवादा में ATM से रुपये निकालने के दौरान उनका ATM कार्ड मशीन में फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनसे संपर्क किया। इसके बाद कथित तौर पर उनके ATM कार्ड का इस्तेमाल कर खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना नवगछिया में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल नंबर और IMEI नंबरों को खंगाला। जांच के क्रम में एक मोबाइल नंबर की लोकेशन शेखपुरा जिले के बरबीघा में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने बरबीघा पहुंचकर संदिग्धों की पहचान की और सोनू कुमार तथा विपुल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में ATM फ्रॉड से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से बरामद सामान की जांच की जा रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 हजार रुपये नकद, 32 सिम कार्ड, 6 पेन ड्राइव, 11 ATM कार्ड, 9 आधार कार्ड, 7 पासबुक, 6 मोबाइल फोन, एक चारपहिया वाहन, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक से संबंधित दस्तावेज और आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।



