भागलपुर

मुखिया पर स्वच्छता कर्मियों के नाम पर कथित फर्जी भुगतान का आरोप, डीएम से जांच की मांग

सहरसा। महिषी प्रखंड की राजनपुर पंचायत में स्वच्छता अभियान के नाम पर कथित अनियमितता और फर्जी भुगतान का मामला सामने आया है। चोरनिया गांव निवासी आशीष कुमार ने पंचायत के मुखिया और पंचायत सचिव पर सफाई कर्मियों के नाम पर कथित रूप से भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, पंचायत के विभिन्न वार्डों में आमसभा के माध्यम से सफाई कर्मियों की नियुक्ति का प्रावधान है। आरोप है कि बिना आम सहमति के 14 सफाई कर्मियों की नियुक्ति कागज पर कर दी गई, जबकि पंचायत में कोई भी सफाई कर्मी नियमित रूप से काम नहीं कर रहा है। इसके बावजूद उनके नाम पर भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है।

डस्टबिन समेत अन्य सामग्री के वितरण पर भी सवाल

आवेदक ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में स्वच्छता कार्य के लिए पंचायत में खरीदी गई सामग्री के वितरण पर भी सवाल उठाए हैं। ज्ञापन में 2,293 डस्टबिन, 10 कम्युनिटी डस्टबिन, एक टूल्स एंड ट्रॉली, 32 सेफ्टी किट, एक रिक्शा और 14 पेडल रिक्शा के प्रावधान का उल्लेख किया गया है।

आरोप है कि डस्टबिन की खरीद के बावजूद लंबे समय तक ग्रामीणों के बीच उनका वितरण नहीं किया गया। आवेदक के मुताबिक, महिषी के पंचायती राज पदाधिकारी को शिकायत दिए जाने के बाद अब तक केवल 45 लोगों के बीच डस्टबिन वितरित किए गए हैं।

तीन साल से सामग्री वितरण नहीं होने का आरोप

आवेदक ने दावा किया है कि पिछले करीब तीन वर्षों से स्वच्छता सामग्री का पूर्ण वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए खरीद, भुगतान, नियुक्ति और सामग्री वितरण की जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि दिसंबर में बिना स्थल जांच के मामले में महज कागजी प्रक्रिया पूरी कर दी गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

आशीष कुमार ने मामले को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजे जाने की बात कही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button