बिहपुर CHC में प्रसूताओं को समय पर नाश्ता नहीं मिलने का आरोप, 10 बजे पर परोसा जा रहा भोजन

बिहपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिहपुर में भर्ती प्रसूताओं को निर्धारित समय पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। प्रसूताओं का आरोप है कि सुबह निर्धारित समय पर नाश्ता नहीं दिया जा रहा है। इसके बजाय करीब 10 बजे के आसपास सीधे चावल, दाल और सब्जी परोसी जा रही है।
बुधवार को अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं से भोजन व्यवस्था की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि सुबह से नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया गया और करीब 10 बजे के आसपास उन्हें भोजन दिया गया। प्रसूताओं की पहचान गोपनीय रखी गई है।
अस्पताल में लगा है निर्धारित मेन्यू
CHC में लगे भोजन संबंधी मेन्यू के अनुसार, भर्ती मरीजों को सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक नाश्ता उपलब्ध कराया जाना है। मेन्यू में रोटी, दूध, अंडा और मौसमी फल का उल्लेख है। वहीं दोपहर के भोजन का समय 11 बजे से 12 बजे तक निर्धारित किया गया है, जिसमें रोटी/चावल, दाल, सब्जी और दही शामिल है।
मरीजों और उनके परिजनों का आरोप है कि निर्धारित मेन्यू और समय के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता और समय को लेकर भी असंतोष जताया गया है।
चिकित्सा प्रभारी ने जांच का दिया आश्वासन
मामले को लेकर CHC के चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी से जानकारी ली गई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि अस्पताल में निर्धारित मेन्यू और समय के अनुसार प्रसूताओं को नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।



