राघोपुर में गंगा कटाव पीड़ितों का धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन

राघोपुर/खरीक, भागलपुर। गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मुआवजे की मांग को लेकर राघोपुर में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम ने किया। प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने तीन सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन बिहार के राज्यपाल के नाम सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, आवासीय जमीन और आर्थिक मुआवजा देने के साथ-साथ कटाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई गई।
राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम और भाकपा माले नेता कामरेड बिंदेश्वरी मंडल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्र में गंगा कटाव निरोधक कार्य किए जाते रहे हैं। उन्होंने इन कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कटाव प्रभावित परिवारों के हित में प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों की तीन प्रमुख मांगें
पहली मांग: गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों की सूची सार्वजनिक कर तत्काल बाढ़ राहत के तहत भोजन, पानी, दवा, पशु चारा और प्लास्टिक तिरपाल सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
दूसरी मांग: गंगा में घर और जमीन गंवाने वाले परिवारों को तत्काल आवासीय उपयोग के लिए 5 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मकान एवं अन्य संपत्ति के नुकसान का तीन गुना आर्थिक मुआवजा देने की मांग की गई।
तीसरी मांग: नवगछिया अनुमंडल के इस्माईलपुर से नारायणपुर प्रखंड तक गंगा कटाव की समस्या का एक वर्ष के भीतर स्थायी समाधान किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने बोल्डर-जाल और आधुनिक तकनीक के माध्यम से मजबूत कटाव निरोधक संरचना बनाने तथा उस पर सड़क निर्माण की मांग रखी।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा नेता कामरेड निरंजन चौधरी और राजद जिला प्रधान महासचिव संजय मंडल ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद कटाव प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इबरार आलम और राजद जिलाध्यक्ष अलख निरंजन पासवान ने काजीकोरैया बांध, खरीक प्रखंड और विक्रमशिला पुल से जुड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान स्थिति पर अपनी बात रखी।
वहीं, बहुजन आंदोलन के नेता अखिलेश रमण, कामरेड परमानंद मंडल, कांग्रेस नेता पंकज सिंह कुशवाहा और जाप नेता धर्मेंद्र कुमार ने भी कटाव प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर सरकार से तत्काल राहत और स्थायी समाधान की मांग की।
कार्यक्रम में राजद प्रखंड अध्यक्ष किशोर सिंह यादव, भाकपा माले जिला सचिव कामरेड महेश प्रसाद यादव, राजेश पंडित, शोभा देवी, राजेश भारती, नसीब रविदास, उमेश शर्मा, मो. अमीर, अरविंद यादव, प्रोफेसर नजमूल इस्लाम सहित बड़ी संख्या में कटाव प्रभावित परिवारों के लोग मौजूद रहे।
नोट – इस खबर में शामिल आरोप, दावे और बयान संबंधित नेताओं एवं प्रदर्शनकारियों के हैं। इंकलाब इंडिया इन आरोपों या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।



