झंडापुर में जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत, स्नातक मतदाताओं से चुनावी संवाद

भागलपुर। बिहपुर प्रखंड के झंडापुर में गुरुवार को जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय उर्फ पप्पू सिंह के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर मतदाताओं के साथ संवाद किया गया। पार्टी नेताओं ने चुनावी तैयारियों और स्नातक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। नेताओं ने पार्टी प्रत्याशी रजनीश रंजन के समर्थन में चुनावी माहौल को मजबूत करने का दावा किया।
जन सुराज नेताओं ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव केवल राजनीतिक बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्नातक मतदाताओं के हितों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दिलाना होना चाहिए।
कार्यक्रम में बिहपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं नवगछिया-भागलपुर चुनाव प्रभारी पवन चौधरी, गोपालपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मानकेश्वर उर्फ मंटू सिंह, जिलाध्यक्ष मंजीत साहू, जिला महामंत्री सत्यम कुमार, राजीव सनगही, सौरव कुमार, विभाकर भूषण सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने जन सुराज पार्टी को स्नातक मतदाताओं के हितों की आवाज बताते हुए कहा कि पार्टी अपने राजनीतिक एजेंडे के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के लिए भी काम करने का संकल्प रखती है। इस दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
कार्यक्रम के अंत में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी की जीत का भरोसा जताया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता वेद प्रकाश ने किया.






