भागलपुर

दुर्गा पूजा-दशहरा को लेकर भागलपुर में अग्निशमन विभाग अलर्ट, 15 रणनीतिक स्थलों पर दमकल वाहन तैनात

भागलपुर। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए बिहार अग्निशमन सेवा, भागलपुर ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए जिले में 15 रणनीतिक स्थलों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी गठित की गई हैं।

IMG 20261016 WA0032


जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में तैयार की गई इस व्यवस्था के तहत 15 अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। इनमें 4 वाटर टेंडर और 11 छोटे एमटी वाहन शामिल हैं। इनकी तैनाती खास तौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास की गई है, ताकि किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

पूजा पंडालों में मॉक ड्रिल, लोगों को बताए गए अग्नि सुरक्षा के उपाय

अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में मॉक ड्रिल और जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए। मारवाड़ी पाठशाला और आदमपुर स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में पूजा समितियों के सदस्यों और आम लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल, सुरक्षित निकास मार्ग बनाए रखने और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीके समझाए गए। इसके साथ ही पंडालों में विद्युत वायरिंग, सजावटी लाइट और अस्थायी विद्युत व्यवस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

रावण दहन स्थलों पर भी दमकल की रहेगी तैनाती

दशहरा के दौरान होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों को लेकर भी अग्निशमन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले में तीन रावण दहन स्थलों को चिह्नित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान इन स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों और आम लोगों से अपील की है कि वे पंडालों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करें और आपातकालीन निकास मार्ग को किसी भी स्थिति में अवरुद्ध न करें। आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तत्काल 101 या 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button