सदाकत आश्रम में पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर भड़का WJAI, कांग्रेस मांगे माफी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

पटना । बिहार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वेब जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
WJAI के बिहार प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार पार्टी के नेतृत्वहीन होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने वाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और गांधीजी की गरिमा के खिलाफ है।
सागर कुमार ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। ग्राउंड रिपोर्टर और कैमरामैन सीमित संसाधनों एवं सुविधाओं के बावजूद जनता की आवाज को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम करते हैं। ऐसे पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि पार्टी सार्वजनिक मंच से माफी मांगे, दुर्व्यवहार के शिकार पत्रकारों को बुलाकर व्यक्तिगत रूप से खेद प्रकट करे तथा घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल संगठनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की भी मांग की।
WJAI ने दी आंदोलन की चेतावनी
सागर कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं की तो वेब जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की बिहार इकाई चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



