भागलपुर

निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई: ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर छापेमारी, 1.50 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला

नवगछिया : बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी थाना कांड संख्या 137/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत उनके कई ठिकानों पर एक साथ गृह तलाशी की जा रही है।

निगरानी विभाग के अनुसार, अजीत कुमार दास के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिलने के बाद जांच की गई थी। जांच में उनके पास करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का मामला सामने आया। इसके बाद उनके विरुद्ध निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

अजीत कुमार दास पूर्व में ग्रामीण कार्य विभाग के भागलपुर डिवीजन में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सासाराम में है। वह वर्ष 2013 से ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत हैं।

निगरानी विभाग की टीम पटना, कटिहार, सासाराम, नवगछिया और भागलपुर स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है। पटना में उनके निर्माणाधीन आवास के साथ-साथ वर्तमान में किराये पर रह रहे मकान में भी तलाशी ली जा रही है। निर्माणाधीन मकान में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।

वहीं, निगरानी विभाग की टीम अजीत कुमार दास के पैतृक आवास नवगछिया के तेतरी गांव भी पहुंची। यहां तलाशी के दौरान फिलहाल जब्ती योग्य दस्तावेज नहीं मिलने की जानकारी दी गई है। अन्य ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।

इस संबंध में निगरानी विभाग के वरीय पुलिस उपाधीक्षक विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोपनीय जांच में करीब 1.50 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। अन्य स्थानों पर तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जब्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button