भागलपुर

मखाना और मत्स्य पालन को एक साथ बढ़ावा देने की पहल, प्रशिक्षण के लिए भागलपुर के 38 किसान पूर्वी चंपारण रवाना

25 से 28 नवंबर तक पिपराकोठी में चलेगा चार दिवसीय प्रशिक्षण, किसानों को समेकित कृषि प्रणाली की दी जाएगी जानकारी

भागलपुर। किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से भागलपुर जिले के 38 प्रगतिशील किसानों को मखाना आधारित समेकित कृषि प्रणाली के प्रशिक्षण के लिए पूर्वी चंपारण रवाना किया गया। सोमवार को कृषि भवन परिसर, तिलकामांझी से किसानों के दल को रवाना किया गया।

कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर के तत्वावधान में आयोजित यह प्रशिक्षण 25 से 28 नवंबर तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय उद्यान एवं वानिकी महाविद्यालय, पिपराकोठी, पूर्वी चंपारण में होगा।

आत्मा के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य मखाना उत्पादन के साथ मत्स्य पालन को जोड़कर समेकित कृषि प्रणाली को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत किसानों को आधुनिक खेती की तकनीक, मखाना उत्पादन और मछली पालन से जुड़ी जानकारी दी जाएगी, ताकि किसान इन गतिविधियों को अपनाकर कृषि से बेहतर मुनाफा कमा सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

किसानों के प्रशिक्षण दल को परमेश्वर कुमार सिंह एवं कुमार गौतम, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (नवगछिया/बिहपुर) के नेतृत्व में रवाना किया गया।

इस प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मखाना की खेती, मत्स्य पालन और दोनों गतिविधियों को एक साथ संचालित करने की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। विभाग को उम्मीद है कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान जिले में कृषि के नए अवसर विकसित करने और किसानों की आय व आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मददगार साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button