भागलपुर

भागलपुर राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन मगध प्रमंडल का दबदबा


अंडर-14 व्यक्तिगत स्पर्धा में मगध के खिलाड़ियों ने तीनों पदक जीते, टीम मुकाबले में भी रहा प्रथम स्थान

भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड में सोमवार को राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी बालक प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के नौ प्रमंडलों सहित एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 24 से 26 नवंबर तक चलेगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेम शंकर ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। वहीं बिहार बाल भवन किलकारी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया।

इस मौके पर सदर एसडीओ विकास कुमार ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना सफलता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। जिला खेल पदाधिकारी मो. शमीम अंसारी ने पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया।

पहले दिन मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों का दबदबा

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक व्यक्तिगत स्पर्धा में मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों पदकों पर कब्जा जमाया। करण कुमार ने प्रथम, गोलू कुमार ने द्वितीय और आयुष कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

टीम स्पर्धा में भी मगध प्रमंडल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि भागलपुर प्रमंडल दूसरे और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की टीम तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता के संचालन में आठ तकनीकी पदाधिकारी तैनात

खेल प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से आठ तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें मीना हेम्ब्रम, आशुतोष कुमार सिंह, जय प्रकाश, सरोज कुमार, अविनाश कुमार ओझा, निर्भय कुमार सिंह, कुन्दन कुमार हेम्ब्रम एवं अभव कुमार शामिल हैं।

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता की अन्य स्पर्धाएं आगामी दो दिनों तक जारी रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button