भागलपुर

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से ट्यूटर की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बिहपुर, शनिवार की सुबह बिहपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक प्राइवेट ट्यूटर की जान चली गई। हादसा जमालीपुर गांव के पास चौदह नंबर सड़क पर उस वक्त हुआ जब 70 वर्षीय अनील कुमार सिन्हा रोज की तरह पढ़ाने जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

img 20250525 wa00025849360924804108073
मृतक का फाइल तस्वीर

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनील कुमार सिन्हा को तत्काल बिहपुर पुलिस के सहयोग से मायागंज अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बाइक सवार टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया और अब तक उसका सुराग नहीं लग सका है।

img 20250522 wa00106678862927805064457

मृतक अनील कुमार सिन्हा लत्तीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर एक के निवासी थे। वे न सिर्फ प्राइवेट शिक्षक थे, बल्कि खेती-बाड़ी से भी जुड़े हुए थे। हमेशा समाजसेवा और शिक्षा से जुड़े रहने वाले सिन्हा की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके परिवार में पत्नी रीता देवी, दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है।

जैसे ही शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। लत्तीपुर गांव में सन्नाटा छा गया और हर आंख नम दिखी। स्थानीय लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं कि एक जिम्मेदार शिक्षक का इस तरह से जाना समाज की अपूरणीय क्षति है।

नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष चंद्रदीप मंडल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं फरार बाइक सवार की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक TVS अपाचे थी जो लत्तीपुर चौक की ओर से खरीक की दिशा में जा रही थी।

अनील कुमार सिन्हा की यह अंतिम यात्रा पूरे गांव की आंखें नम कर गई। शिक्षक, किसान और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान गांववासियों के दिलों में हमेशा बनी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button