डॉक्टर से रंगदारी मांगने और मारपीट का आरोप, अप्राकृतिक यौन शोषण के प्रयास का भी दावा

सुलतानगंज। रेफरल अस्पताल, सुलतानगंज में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषि भूषण ने अस्पताल के मैनेजर पर रंगदारी मांगने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा अप्राकृतिक यौन शोषण का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। डॉक्टर ने इस संबंध में थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, अस्पताल के मैनेजर ने डॉक्टर से मोटी रकम की मांग की थी। रकम देने से इनकार करने पर कथित तौर पर उन्हें मैनेजर के कमरे में बुलाया गया। डॉक्टर का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद आठ-दस लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडे से उनकी पिटाई की गई।
डॉ. ऋषि भूषण ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके साथ अप्राकृतिक यौन शोषण का प्रयास किया गया। घटना में घायल डॉक्टर का मायागंज अस्पताल में इलाज कराया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



