Bhagalpur News: मधुसूदनपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी छापेमारी, 19 गिरफ्तार; 5.10 लाख कैश बरामद

भागलपुर। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित जुए के अड्डे का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेलने और खिलाने के आरोप में कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सिटी एसपी के अनुसार, 8 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुरानी सराय निवासी सुनील यादव के घर पर बड़ी संख्या में लोगों को जुटाकर अवैध रूप से जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 5 लाख 10 हजार रुपये नकद, 13 ताश की गड्डियां, 5 एटीएम कार्ड और 18 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ मधुसूदनपुर थाना कांड संख्या 179/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध रूप से जुआ संचालित करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



