
मुजफ्फरपुर: सावन की दूसरी सोमवारी पर उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देर रात से ही बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए डाक कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 3.5 लाख से अधिक डाक कांवरियों और अन्य श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया मार्ग तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का अनुमान है कि दूसरी सोमवारी पर 5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करने पहुंच सकते हैं।
रात 12 बजे से जारी है जलाभिषेक
सावन की दूसरी सोमवारी के साथ इस बार प्रदोष तिथि भी पड़ रही है। इसे लेकर बाबा गरीबनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। रात 12 बजे से ही जलाभिषेक का सिलसिला लगातार जारी है।
सुबह करीब 4 बजे के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और आम भक्तों के लिए भी जलाभिषेक शुरू हुआ, जिसके बाद मंदिर परिसर और कांवरिया मार्ग पर भीड़ और बढ़ गई।
श्रद्धालुओं की कतार करीब 2 से 3 किलोमीटर तक पहुंच गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
डेढ़ लाख डाक कांवरियों ने किया जलाभिषेक
बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक के मुताबिक, दूसरी सोमवारी और प्रदोष तिथि एक साथ होने के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है।
उनके अनुसार, अब तक करीब डेढ़ लाख डाक कांवरिया और दो लाख से अधिक अन्य कांवरिया एवं श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं। रात 12 बजे से लगातार जलाभिषेक जारी है और पूरे दिन श्रद्धालुओं के बाबा के दर्शन और जलाभिषेक करने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख के पार जा सकती है।
चावल से होगा बाबा गरीबनाथ का विशेष श्रृंगार
दूसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा गरीबनाथ का विशेष श्रृंगार भी किया जाएगा। मंदिर की परंपरा के अनुसार बाबा का चावल से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसे लेकर मंदिर प्रशासन और पुजारियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पहली बार चौपर से होगी श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा
इस बार बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्था की गई है। बिहार सरकार की ओर से पहली बार चौपर के जरिए श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी।
बाबा गरीबनाथ धाम और कांवरिया मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा किए जाने की तैयारी की गई है। इससे श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह है।
2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और 3200 स्वयंसेवक तैनात
लाखों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की है। 2 हजार से अधिक बिहार पुलिस के जवानों के साथ बड़ी संख्या में दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा करीब 3200 स्वयंसेवकों को श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ नियंत्रण के लिए लगाया गया है। मेला क्षेत्र और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक बटन की व्यवस्था भी की गई है। प्रशासन की टीमें मंदिर परिसर, कांवरिया मार्ग और श्रद्धालुओं की कतार वाले इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
DM और SSP खुद कर रहे मॉनिटरिंग
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि संभावित कांवरियों की संख्या और मीडिया इनपुट के आधार पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण रूट को डायवर्ट किया गया है।
वहीं, डीएम कुमार गौरव ने बताया कि वह खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिला प्रशासन की कोशिश है कि लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद जलाभिषेक व्यवस्था सुचारु रहे और किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा बलों और स्वयंसेवकों को भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।



