भागलपुर से निकलेगी भव्य तिरंगा कांवड़ यात्रा, 108 कांवड़िए बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए होंगे रवाना

भागलपुर। सावन के पावन महीने में भागलपुर में धर्म और राष्ट्रभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। भक्त याराना मंडल की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए भव्य तिरंगा कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 108 कांवड़िए शामिल होंगे।
यात्रा को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के महंत अमित कनोडिया, उप महंत विष्णु वर्मा और संरक्षक अश्वनी जोशी मोंटी ने तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि भक्त याराना मंडल वर्ष 2011 से कांवड़ यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देता आ रहा है।
14 अगस्त की सुबह कांवड़िए उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सभी खरमनचक स्थित गोकुल धाम पहुंचेंगे, जहां शाम को बाबा बासुकीनाथ की भव्य महाआरती आयोजित होगी। महाआरती के बाद ढोल-नगाड़े, भजन मंडलियों और बाबा बासुकीनाथ की झांकी के साथ 108 कांवड़िए पदयात्रा करते हुए बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।
यात्रा के दौरान 15 अगस्त को पड़ाव वाले स्थानों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से यात्रा को तिरंगा कांवड़ यात्रा का स्वरूप दिया गया है।
संस्था ने सरकार से भागलपुर से बासुकीनाथ तक कांवड़ियों के लिए अलग कच्चे मार्ग के निर्माण की मांग भी की है। आयोजकों का कहना है कि पक्की और कंकरीली सड़कों पर नंगे पैर चलने में कांवड़ियों को काफी परेशानी होती है।
यात्रा के दौरान स्लम बस्तियों में सहभोज और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। कांवड़ियों की सेवा और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 151 सदस्यों की टीम तैनात रहेगी।
इस तरह भागलपुर से निकलने वाली यह तिरंगा कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा, स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती नजर आएगी।



