गंगा के बढ़ते जलस्तर से सुल्तानगंज में बाढ़ का कहर, 9 पंचायतें प्रभावित, विधायक ने लिया जायजा

भागलपुर: गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड की नौ पंचायतें बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है, जबकि खेतों में पानी भरने से फसलों को भी नुकसान हुआ है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
दौरे के दौरान विधायक ने बाढ़ प्रभावित पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
विधायक ललित नारायण मंडल ने कहा कि भागलपुर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने सहित अन्य आवश्यक राहत उपलब्ध कराने को लेकर बातचीत की जाएगी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान सुल्तानगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक राज, अंचल अधिकारी रमण कुमार और थानाध्यक्ष धनंजय कुमार समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया।
विधायक ने पुलिस-प्रशासन और प्रखंड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता एवं राहत सामग्री जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाई जाए। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की बात कही।
इस मौके पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि नट बिहारी मंडल, पंचायत समिति सदस्य सुधीर कुमार सिंह, भाजपा नेता विकास कुमार कर्ण सहित दर्जनों ग्रामीण एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।



