सहरसा के स्कूल में मिड-डे मील में मिली मरी छिपकली, खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी

बनगांव थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय वासुदेवा में शनिवार को मध्यान्ह भोजन में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन करने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने करीब दो दर्जन बच्चों के बीमार होने की बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हाई स्कूल वासुदेवा के प्रधानाध्यापक आकाश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक बृजेंद्र के साथ मिलकर स्थिति को संभाला। शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बनगांव थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुछ बच्चों को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम स्कूल पहुंची और बच्चों की जांच व इलाज शुरू किया।
भोजन के अंत में दिखाई दी छिपकली
प्रधानाध्यापक के अनुसार, मध्यान्ह भोजन की निर्धारित चखने की प्रक्रिया पूरी की गई थी। भोजन परोसने के दौरान कोई असामान्य स्थिति नजर नहीं आई। हालांकि, भोजन के अंत में मरी हुई छिपकली दिखाई दी। स्कूल में मध्यान्ह भोजन एनजीओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है।
एसडीओ ने लिया जायजा
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीओ श्रेयांश तिवारी भी स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों का इलाज जारी है। फिलहाल प्रभावित बच्चों की संख्या स्पष्ट रूप से बताना संभव नहीं है।
एसडीओ ने कहा कि प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले में लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।




