कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास और हेल्पलाइन 181 की जानकारी

भागलपुर। कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर की टीम ने शनिवार को तनिष्क, रिलायंस ट्रेंड्स समेत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट विवेक कुमार, फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सुमन, कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ की अधीक्षिका स्वाति कुमारी और सहायक अधीक्षिका पूजा कुमारी ने महिला कर्मियों से संवाद किया।
टीम ने ‘आकांक्षा’ छात्रावास की सुविधाओं, पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही संकट, हिंसा या अन्य समस्या की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181 से सहायता लेने की प्रक्रिया समझाई गई।
महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, महिला सशक्तिकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान महिला कर्मियों ने सुरक्षित आवास और सहायता सेवाओं में रुचि दिखाई।



