भागलपुर

कोसी बनी काल का कगार: गुआरीडीह में दो किशोर डूबे, एक का शव बरामद, दूसरा लापता

बिहपुर  – रविवार को कोसी नदी की गहराई दो किशोरों को लील गई। स्नान करने गए खगड़िया और भ्रमरपुर के दो दोस्त नदी में डूब गए। दो दिन की बेचैनी और तलाश के बाद मंगलवार दोपहर त्रिमुहान घाट के पास एक किशोर का शव ग्रामीणों ने बरामद किया, जबकि दूसरा अब भी लापता है।

बरामद शव की पहचान खगड़िया जिले के महेशखूंट निवासी 14 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई, जो गर्मी की छुट्टी में ननिहाल भ्रमरपुर आया हुआ था। शव पूरी तरह फूल चुका था, जिससे दुर्गंध फैल गई थी और कीड़े भी लग चुके थे। शव देख परिजन बिलख उठे।

वहीं, 15 वर्षीय दिलखुश कुमार, जो भ्रमरपुर वार्ड 12 का रहने वाला था, का कुछ पता नहीं चल सका है। परिजन और ग्रामीण निजी नावों से कोसी की लहरों में उसके शव की तलाश में जुटे हैं।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह दोनों किशोर बिना कुछ बताए दिलखुश की साइकिल से निकले थे। दोपहर में जब घर नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई। सोमवार को गुआरीडीह घाट के पास मिले कपड़े, साइकिल और चप्पल से अनहोनी का अंदेशा हुआ।

मंगलवार को त्रिमुहान घाट के पास स्थानीय लोगों ने जब एक शव बहता देखा तो गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची भवानीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा।

भवानीपुर थानाध्यक्ष मंहेश कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि “एक शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, दूसरे किशोर की तलाश जारी है।”

कोसी की लहरें आज फिर एक मासूम जिंदगी को निगल गईं और एक गांव को मातम की गहराई में डुबो गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button