भागलपुर

बिहपुर में रेल सुविधाओं को लेकर मंत्री शैलेंद्र ने रेलवे जीएम से की बैठक, कई मांगें रखीं

बिहपुर। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र ने पटना में पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र की लंबित रेल मांगों और स्टेशन से जुड़ी जनसुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री ने स्पेशल ट्रेन संख्या 03407 भागलपुर–कटिहार को नियमित करने और कटिहार से सुबह 5:30 बजे भागलपुर के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग रखी। इसके साथ ही 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और 15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस का दोनों दिशाओं में बिहपुर स्टेशन पर ठहराव देने का मुद्दा भी उठाया।

बैठक में टाटा लिंक एक्सप्रेस का दैनिक परिचालन, मुंगेर–महेशखूंट ट्रेन का बिहपुर तक विस्तार तथा पूर्व की तरह पटना–बिहपुर डीएमयू सेवा को फिर से प्रतिदिन शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

स्टेशन की सुविधाओं और सड़क का मुद्दा भी उठा

मंत्री ने बिहपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो के बीच निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (FOB) को बाहरी सर्कुलेटिंग एरिया तक विस्तारित करने की मांग की। इसके अलावा बिहपुर में मालगोदाम सेवा जल्द शुरू करने तथा स्टेशन के पश्चिमी केबिन से इमली चौक होते हुए पूर्वी केबिन तक जाने वाले जर्जर मार्ग के सुधार का विषय भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा गया।

बैठक में विभिन्न मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। संबंधित मामलों में आवश्यक पहल और कार्रवाई की दिशा में सहमति बनने की बात कही गई।

मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, सुगम आवागमन और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button