भागलपुर में ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान, छात्रों को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी

भागलपुर। ‘साइबर सिक्योर बिहार’ अभियान के तहत नगर स्थित एलिमेंट्री स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के जोखिम और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी एसपी भागलपुर एवं अभियान प्रमुख अभिनव दास, पंडित हरि नारायण शुक्ला फाउंडेशन के सचिव राजेश कुमार शुक्ला, साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह, प्रोफेसर राकेश, पत्रकार एवं स्तंभकार अविकल नारायण शुक्ला, वार्ड पार्षद सरिता देवी समेत सुल्तानगंज थाना और साइबर थाना भागलपुर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
संदिग्ध लिंक और कॉल से रहें सावधान
सिटी एसपी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
अभियान प्रमुख अभिनव दास ने बाल साइबर अपराध, सोशल मीडिया ठगी, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के खतरे और डिजिटल फुटप्रिंट के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने और निजी जानकारी सुरक्षित रखने की जरूरत है।
साइबर बुलिंग और डिजिटल अरेस्ट पर भी जागरूक किया
साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, निजी तस्वीरों से छेड़छाड़ और उनके दुरुपयोग जैसे मामलों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से जुड़ी किसी घटना का सामना होने पर घबराने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस की मदद लेनी चाहिए।
सिटी एसपी समेत तीन लोगों को मिला ‘पंडित हरि नारायण सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान सिटी एसपी भागलपुर, अभिनव दास और साइबर डीएसपी प्रेरणा सिंह को ‘पंडित हरि नारायण सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित पेंटिंग प्रदर्शनी भी लगाई। प्रदर्शनी की अतिथियों और अधिकारियों ने सराहना की। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में मुरारका कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स की भी सक्रिय भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।



