भागलपुर

राजद नवगछिया में नई टीम का गठन- अलख अध्यक्ष, संजय बने महासचिव

नवगछिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नवगछिया इकाई ने संगठनात्मक चुनाव के तहत 2025-2028 की कमान नई टीम को सौंप दी है। शिवानी विवाह भवन में आयोजित अहम बैठक में सर्वसम्मति से अलख निरंजन पासवान को जिला अध्यक्ष और संजय मंडल को प्रधान महासचिव चुना गया। बैठक का संचालन तारापुर के पूर्व प्रत्याशी अरुण कुमार शाह ने किया, जबकि अध्यक्षता अलौली विधायक व जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामवृक्ष सदा ने की।

बिहपुर से अवनीश, गोपालपुर से शैलेश बने राज्य परिषद सदस्य
राज्य परिषद के लिए बिहपुर विधानसभा से अवनीश कुमार और गोपालपुर से शैलेश कुमार को चुना गया। नवगठित टीम को माला और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।

संगठन में सर्वधर्म और सर्वजातीय समावेश की बात
विधायक रामवृक्ष सदा ने कहा कि संगठन को सभी जाति-धर्म के लोगों को जोड़कर मजबूत बनाया जाएगा और तेजस्वी यादव की 17 माह की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। वहीं अरुण शाह ने कहा कि आज वक्त है संघर्ष और संगठन को ज़मीन से जोड़ने का।

भ्रष्टाचार, महंगाई और अपराध पर गरजे वक्ता
पूर्व बाल श्रमिक आयोग अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि देश निजीकरण की चपेट में है, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर हैं। ज़िले में अपराध बेलगाम हो चुका है और गरीबों की योजनाएं लूट का शिकार बन रही हैं।

विचारों की गूंज में दिखी एकजुटता
बैठक को संबोधित करने वालों में नितेश कुमार, शंकर प्रसाद उर्फ लालू यादव, प्रतिमा सिंह, सुबोध यादव, महेश मंडल, विजय मंडल, किशोर यादव, सतीश कुमार, महेश फौजी, मो. अंजार, मो. मोइनुद्दीन, मो. तनवीर, अशोक यादव, लड्डू दास, हिमांशु यादव सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल रहे।

नवगछिया में संगठन की नई टीम अब तेज़ी से जमीनी संघर्ष और जनसरोकारों की दिशा में आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button