रंगरा थाना फिर विवादों में, ट्रक चालक से वसूली मामले में एफआईआर नहीं होने पर बढ़ा आक्रोश

1781756262677

नवगछिया । ट्रक चालक से कथित अवैध वसूली के मामले को लेकर रंगरा थाना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि गश्ती दल ने सुनियोजित तरीके से एक ट्रक चालक को फंसाकर उससे 18 हजार रुपये की वसूली की। मामले में एक युवती की भूमिका तथा चालक को तस्वीरों के माध्यम से भयभीत कर पैसे वसूलने की बात भी सामने आई है।

बताया जाता है कि 14 जून को हुई घटना के संबंध में पीड़ित चालक सुरेंद्र यादव ने आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इसे लेकर ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मामला दर्ज नहीं किया गया तो प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगा।

मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी वैभव शर्मा ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पेट्रोलिंग टीम के दारोगा धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। वहीं गश्ती वाहन चालक को सेवा से हटाते हुए तीन होमगार्ड जवानों की ड्यूटी पर भी रोक लगा दी गई है। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए। लोगों ने सवाल उठाया है कि जिस युवती के साथ ट्रक चालक की तस्वीरें ली गईं, उसकी भूमिका क्या थी और पुलिस द्वारा इस तरह की कार्रवाई क्यों की गई। साथ ही यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित वसूली तंत्र तो सक्रिय नहीं था।

 

ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि पीड़ित चालक को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। वहीं आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं होने तथा जांच के कई पहलुओं पर स्पष्टता नहीं आने से मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और रंगरा थाना की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *