एनएच-31 पर मक्का सुखाने से बढ़ा हादसों का खतरा, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

1777794654644

नवगछिया – नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर इन दिनों सड़कों पर मक्का सुखाने का सिलसिला जारी है। किसानों द्वारा राजमार्ग के किनारे ही नहीं, बल्कि आधी सड़क घेर कर मक्का फैलाए जाने से आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार बीते दिनों एनएच-31 पर कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें जानमाल की क्षति भी हुई है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रंगरा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बड़ी मात्रा में मक्का सड़क पर सुखाया जा रहा है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ रहा है और वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।


इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर फैला अनाज न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सीधे तौर पर दुर्घटनाओं को निमंत्रण भी दे रहा है। यात्रियों और वाहन चालकों में भय का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से किसानों के हौसले बुलंद हैं।


इधर, रंगरा थाना प्रभारी विश्व बंधु ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मक्का सुखाना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए शीघ्र ही सख्त कदम उठाए जाएंगे और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *