भागलपुर

राघोपुर बांध पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, गंगा के बढ़ते दबाव और कटाव की स्थिति का लिया जायजा

भागलपुर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को भागलपुर के राघोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव के कारण उत्पन्न स्थिति का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने राघोपुर काजीकोरिया बांध का निरीक्षण कर मौके पर चल रहे सुरक्षा एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

img 20260905 wa00045199737186488871809
सम्राट चौधरी

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौजूद अधिकारियों एवं अभियंताओं से बांध की वर्तमान स्थिति, कटाव की स्थिति और किए जा रहे निरोधात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

गंगा की धारा में बदलाव से बढ़ा पानी का दबाव

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा नदी की धारा में बदलाव के कारण क्षेत्र में पानी का दबाव काफी बढ़ा है, जिससे कटाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने बांध के क्षतिग्रस्त हिस्सों का निरीक्षण करते हुए चल रहे कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया।

युद्धस्तर पर चल रहा बचाव कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और कटाव की स्थिति पर पूरी गंभीरता से नजर रख रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरसंभव आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि बांध को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे, ताकि भविष्य में बाढ़ और कटाव के खतरे को कम किया जा सके।

मंत्री और स्थानीय विधायक भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र तथा गोपालपुर विधायक एवं बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की मौजूदा स्थिति एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button