गौरीपुर में युवक को गोली मारकर किया जख्मी, पूर्णिया रेफर

1778896712879


बिहपुर । गौरीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल की पहचान गांव निवासी शिवनंदन के 22 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार उर्फ दिलवा के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिलखुश कुमार को सिर में गोली लगी है। बताया जाता है कि देर रात किसी युवक ने उसे घर से बाहर बुलाया। घर से निकलने के बाद मध्य विद्यालय के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा।


स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन एवं ग्रामीण पहुंचे और आनन-फानन में उसे बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
ओमप्रकाश (एसडीपीओ) ने बताया कि युवक को गोली लगी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटा रही है।


सूत्रों के अनुसार घायल युवक का नाम कुछ दिन पूर्व खरीक के एक व्यवसायी से रंगदारी मांगने एवं छिनतई मामले में भी सामने आया था। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *