नवगछिया। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गुरुवार को भागलपुर जाने के क्रम में नवगछिया स्थित जान्हवी गंगा घाट पहुंचे। उनके पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने भागलपुर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने बिहपुर विधायक सह पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र तथा गोपालपुर विधायक सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल पर भी नाराजगी जताई।
लोगों का आरोप था कि विक्रमशीला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन के लिए मात्र एक सरकारी नाव की व्यवस्था की गई है, जो हजारों यात्रियों के लिए पर्याप्त नहीं है। वहीं निजी नावों का किराया भी प्रशासन द्वारा इतना निर्धारित कर दिया गया है कि आम लोगों के लिए उसे वहन करना कठिन हो रहा है।
सांसद पप्पू यादव ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और नारेबाजी बंद करवायी। इस दौरान उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “सिंघला वाले को फांसी मिलनी चाहिए।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और नेता ‘सिंघला वाले’ से रुपए वसूलते हैं तथा आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करते हैं।
सांसद ने कहा कि प्रशासन को तत्काल कम से कम पांच स्टीमर की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने घोषणा की कि अपने निजी कोष से एक स्टीमर और पांच नाव की व्यवस्था शीघ्र कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी पर्याप्त संख्या में नाव और स्टीमर की व्यवस्था नहीं हो सकी है। सांसद ने आरोप लगाया कि नेता चुनाव में करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन आम नागरिकों के लिए बुनियादी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करते।
छात्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई परीक्षाएं शाम पांच बजे समाप्त होती हैं, जबकि नाव परिचालन भी उसी समय तक सीमित है, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घाट पर मौजूद लोगों ने अविलंब अतिरिक्त नाव और स्टीमर की व्यवस्था की मांग की है, ताकि विक्रमशिला सेतु संकट के बीच आवागमन सुचारू रूप से जारी रह सके।

