भागलपुर

भागलपुर जनता दरबार में 68 फरियाद, भूमि विवाद पर डीएम का त्वरित कार्रवाई का निर्देश

भागलपुर में जनता दरबार: 68 आवेदनों पर हुई सुनवाई, भूमि विवाद के मामले सबसे अधिक

भागलपुर । समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में सोमवार को जिलाधिकारी, भागलपुर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं और शिकायतों से संबंधित कुल 68 आवेदनों पर सुनवाई की गई।

जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद से संबंधित रहे। इसके अलावा पेंशन, शिक्षा, पुलिस, खनन, जे.पी. सम्मान योजना, बैंकिंग, भू-अर्जन और चिकित्सा विभाग से जुड़े मामले भी सामने आए।

सुनवाई के दौरान कहलगाँव प्रखंड के शिवनारायणपुर निवासी चौकीदार शेख हमीद ने एसीपी का लाभ दिए जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला सामान्य शाखा को अग्रसारित किया।

वहीं, सुलतानगंज निवासी सुशील कुमार ने भू-अर्जन से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। मामले को संबंधित कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

गोपालपुर, नवगछिया निवासी गुड़िया देवी ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय में कार्य नहीं होने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, नवगछिया और अंचलाधिकारी, गोपालपुर को जांच कर एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यालय प्रधानों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस दौरान अपर समाहर्त्ता राकेश रंजन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सदर अशोक कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सदर अपेक्षा मोदी, प्रभारी पदाधिकारी जिला जन शिकायत कोषांग सुभाषिनी प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button