भागलपुर

सन्हौला CHC में ‘बेटी जन्मोत्सव’ का आयोजन, 50 नवजात कन्याओं की माताओं को बेबी किट देकर किया सम्मानित

भागलपुर । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सन्हौला में महिला एवं बाल विकास निगम के डिस्ट्रिक्ट हब फॉर वुमन एंपावरमेंट (DHEW) की ओर से मिशन शक्ति योजना के तहत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत ‘बेटी जन्मोत्सव–कन्या रत्न सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया।

IMG 20261006 WA0007

कार्यक्रम में 50 नवजात कन्याओं की माताओं को बेबी किट और फल की टोकरी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 13 नवजात कन्याओं के जन्म प्रमाण-पत्र उनके परिजनों को सौंपे गए। इसके अलावा 6 कन्याओं की माताओं/परिजनों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया गया।

बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

कार्यक्रम में मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक तबरेज़ खान ने कन्या जन्म के महत्व के साथ बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और संरक्षण को लेकर माताओं एवं परिजनों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेटों के समान अधिकार और अवसर मिलना चाहिए। परिवारों से बेटा-बेटी के बीच भेदभाव नहीं करने और बालिकाओं की शिक्षा व सशक्तिकरण को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिषेक सुमन ने महिलाओं और परिजनों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल वित्तीय लेन-देन के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान CHC सन्हौला के अस्पताल प्रभारी संजीव कुमार दास, बीएचएम ओम कुमार गुप्ता, नवजात कन्याओं के माता-पिता व परिजन, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल कर्मी और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या जन्म को प्रोत्साहित करना, बेटा-बेटी के बीच भेदभाव खत्म करना और महिलाओं व परिवारों को स्वास्थ्य, सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता एवं सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button