पटना । बिहार में गुरुवार को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार समारोह को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐतिहासिक गांधी मैदान को भव्य रूप से सजाया-संवारा जा रहा है, जहां शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ आम जनमानस में भी उत्साह का माहौल है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त राज्य और केंद्र के कई मंत्री व सांसद भी समारोह में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है, जो नेतृत्व के प्रति भरोसे और पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। राजधानी की सड़कों को झंडों और बैनरों से सजाया गया है तथा स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं।
इस बीच, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावरे पटना पहुंच चुके हैं। उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर किया गया। बताया गया कि कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय जारी है।
गांधी मैदान में आधुनिक सुविधाओं से लैस विशाल मंच का निर्माण किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
राजधानी पटना में जगह-जगह पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। समारोह को लेकर पूरे शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और एनडीए समर्थकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

