भागलपुर

बिहपुर में रात के सन्नाटे में धू-धू कर जली AC बस

पटना से सिलीगुड़ी जा रही बस में सुबह 2:45 बजे लगी आग, पूरी बस जलकर खाक

झंडापुर थाना, दमकल और स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

भागलपुर जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहपुर बस स्टैंड चौक के समीप शुक्रवार की अहले सुबह करीब 2:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पटना से सिलीगुड़ी जा रही एक AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। रात के सन्नाटे में उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया।आग लगी बस

 देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। बस में केवल दो चालक सवार थे, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

 

घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं दमकल विभाग की टीम ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रशासन की तत्परता और समय पर कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

 

आग लगने की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। जिला परिषद प्रतिनिधि चन्दन भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई।

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ होगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button