भागलपुर

कहलगांव में आभूषण चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और 22,500 रुपये नकद बरामद

भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में आभूषण चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहलगांव के सहनी टोला निवासी राजा सहनी और पुरब टोला निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छह अगस्त 2026 को अनिता देवी के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस संबंध में कहलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। लगातार छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी की रकम से एक आईफोन खरीदा गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले मनीष कुमार को भी गिरफ्तार किया। उसकी दुकान से चोरी के जेवरात बरामद किए गए।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो सोने की अंगूठी, पांच सोने के लॉकेट, सात सोने के बेसर, एक सोने का मंगलसूत्र समेत बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और 22,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button