भागलपुर में राहत कार्य के दौरान WRD की नाव पलटी, 21 मजदूर गंगा की तेज धारा में बहे; SDRF ने 19 को बचाया, 2 लापता

भागलपुर में राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। जल संसाधन विभाग (WRD) की एक नाव तेज जलप्रवाह की चपेट में आकर पलट गई। नाव पर सवार 21 मजदूर पानी की तेज धारा में बह गए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम की तत्परता से अब तक 19 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दो मजदूरों की तलाश देर शाम तक जारी है।
दो मजदूर अब भी लापता
जिला प्रशासन के अनुसार लापता मजदूरों की पहचान बादल मंडल (32 वर्ष), पिता सिकंदर मंडल, निवासी लोदीपुर, थाना खरिक और सिकंदर मंडल (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय योगेश्वर मंडल, निवासी सिमरिया, थाना रंगरा के रूप में हुई है।
दोनों की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। तेज जलप्रवाह के बीच बचाव दल संभावित क्षेत्रों में लापता मजदूरों की तलाश कर रहा है।
जिला प्रशासन की स्थिति पर नजर
जिला प्रशासन ने बताया कि घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों और बचाव दलों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक, 19 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष दो मजदूरों को खोजने के लिए अभियान लगातार जारी है।



