भागलपुर

बिहपुर CHC में प्रसूताओं को समय पर नाश्ता नहीं मिलने का आरोप, 10 बजे पर परोसा जा रहा भोजन

बिहपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिहपुर में भर्ती मरीजों, खासकर प्रसूताओं को उपलब्ध कराए जाने वाले नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रसूताओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें निर्धारित समय पर सुबह का नाश्ता नहीं दिया जा रहा है। इसके बजाय सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सीधे चावल, दाल और सब्जी परोसी जा रही है।

बुधवार को अस्पताल में भर्ती जयरामपुर निवासी अभिषेक कुमारी की पत्नी सृष्टि कुमारी एवं मुरारी झा की पत्नी करिश्मा कुमारी से भोजन व्यवस्था को लेकर जानकारी ली गई। दोनों प्रसूताओं के अनुसार, सुबह से उन्हें नाश्ता नहीं मिला था और करीब 10 बजे के आसपास सीधे भोजन उपलब्ध कराया गया।

मरीजों एवं उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में सरकार द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। हालांकि, आरोप है कि निर्धारित मेन्यू और समय का पालन नहीं किया जा रहा है। भोजन की गुणवत्ता और समय को लेकर भी मरीजों में असंतोष है।

जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन

मामले को लेकर जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को सरकार द्वारा निर्धारित मेन्यू और समय के अनुसार नाश्ता एवं भोजन क्यों नहीं मिल रहा है? जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button