शाहकुंड। शाहकुंड-अकबरनगर मुख्य मार्ग पर सैदपुर और जानीपुर के बीच मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने एक पेट्रोल पंप संचालक से 8 लाख 10 हजार रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मंटू कुमार पेट्रोल पंप की दैनिक आमदनी की राशि लेकर एसबीआई शाखा शाहकुंड में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी उनका पीछा कर रहे थे। सैदपुर-जानीपुर के बीच सुनसान स्थान पर अपराधियों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने हथियार का भय दिखाकर बाइक की डिक्की से 8.10 लाख रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की। वहीं विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में पेट्रोल पंप संचालक के पीछे दो बाइक पर सवार संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

