बिहपुर। केंद्रीय भाजपा कार्यालय बिहपुर में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इं. शैलेंद्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने किया।
समारोह की शुरुआत विधायक द्वारा पार्टी ध्वजारोहण से हुई। इसके पश्चात उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत गाया। विधायक इं. शैलेंद्र सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को स्मरण किया।
इस अवसर पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भाजपा ज़िंदाबाद” के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना से प्रेरित होकर सेवा, समर्पण और सुशासन के मूल्यों को आत्मसात कर देश एवं समाज के विकास में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यही संगठन की वास्तविक शक्ति है।
विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ सेवा और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम में प्रभुनंदन चौधरी, मंडल अध्यक्ष दिलीप महतो, ब्रजेश शर्मा नागर, डोमी मंडल, रूपेश रूप, अजय उर्फ माटो, माखन राय, कन्हैया झा, संतोष राय, वकील साह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बिहपुर में भाजपा का 47वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया

