भागलपुर

पांच साल का प्रेम, फिर शादी और विवाद… प्रेमिका पर जहरीली दवा खिलाने का आरोप, युवक अस्पताल में भर्ती

भागलपुर। प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला भागलपुर में सामने आया है। मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र निवासी स्नातक छात्र गुलशन कुमार ने अपनी प्रेमिका पर कथित तौर पर जहरीली दवा खिलाने का आरोप लगाया है। दवा खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार भागलपुर के साहिबगंज मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर स्नातक की पढ़ाई करता है। गुलशन का दावा है कि उसका अर्चना नाम की युवती के साथ करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बीच वर्ष 2023 में अर्चना की शादी हो गई। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। गुलशन के मुताबिक, वह अर्चना से प्रेम संबंध समाप्त करने की बात कहता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार को मारवाड़ी कॉलेज रोड के पास अर्चना अपने पति के साथ गुलशन से मिली। आरोप है कि इसी दौरान अर्चना ने उसे कोई दवा खिला दी। इसके बाद गुलशन अपने कमरे पर पहुंचा तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना विश्वविद्यालय थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुलशन को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक डॉ. आशीष रंजन ने प्रथम दृष्टया पॉइजनिंग की आशंका जताते हुए जांच की बात कही है।

गुलशन ने पुलिस को दिए बयान में अर्चना के साथ पांच वर्षों से प्रेम संबंध होने और वर्ष 2023 में उसकी शादी होने की बात कही है। हालांकि, कथित तौर पर दवा खिलाने के पीछे वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button