भागलपुर में CRPF-NDRF की स्थायी तैनाती की मांग, सांसद अजय कुमार मंडल ने अमित शाह से की मुलाकात

नई दिल्ली। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर भागलपुर की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। सांसद ने गृह मंत्री को मांग-पत्र सौंपकर भागलपुर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के ग्रुप सेंटर और NDRF की पूर्ण बटालियन की स्थायी स्थापना की मांग की।
सांसद मंडल ने कहा कि भागलपुर में CRPF, BSF, SSB, CISF या ITBP में से किसी एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल का ग्रुप सेंटर स्थापित होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा भागलपुर में NDRF की पूर्ण बटालियन की स्थायी तैनाती की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। सांसद के अनुसार, गंगा के किनारे स्थित भागलपुर के साथ नवगछिया, बांका, मुंगेर और खगड़िया जैसे आसपास के क्षेत्रों में हर वर्ष बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में NDRF की स्थायी मौजूदगी से आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकेंगे।
सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर की जनता की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान उनकी प्राथमिकता है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और NDRF की मजबूत मौजूदगी से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों, किसानों और उद्यमियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
बताया गया कि गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद की मांगों को गंभीरता से सुना और इस दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
सांसद ने कहा कि भागलपुर की जनता से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार तक पहुंचाना और क्षेत्र के हित में ठोस परिणाम हासिल करना उनकी निरंतर प्राथमिकता रहेगी।



