नवगछिया के पचगछिया में फायरिंग से हड़कंप: शराब के धंधे को लेकर ग्रामीणों से हुआ विवाद

नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित पचगछिया स्कूल मैदान में कथित तौर पर कट्टा से फायरिंग का एक वीडियो सामने आया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। यह विवाद कथित शराब कारोबार को लेकर ग्रामीणों और कुछ युवकों के बीच हुआ था।
वायरल वीडियो बीते शनिवार का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ ग्रामीण दो युवकों का विरोध करते दिख रहे हैं। इसी दौरान एक युवक दूसरे से कट्टा छीनकर फायरिंग करता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पचगछिया स्कूल मैदान में संतोष कुमार और उसके सहयोगी कथित तौर पर शराब बेच रहे थे। कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद युवक और ग्रामीणों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर युवक ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।



