अपराधनिगरानी विभागपूर्णियाबिहार

46 हजार की घूस लेते बैसा के BDO राजकुमार चौधरी गिरफ्तार, 16 लाख के भुगतान की फाइल बढ़ाने के बदले मांग रहे थे रिश्वत

पूर्णिया:- जिले के बैसा प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजकुमार चौधरी को 46 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। निगरानी टीम ने बीडीओ को उनके कार्यालय कक्ष से ही घूस की राशि के साथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बैसा निवासी वेंडर राज किरण की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उन्होंने बैसा प्रखंड में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत करीब 16 लाख रुपये की सामग्री की आपूर्ति की थी। आपूर्ति के बाद भुगतान की फाइल बीडीओ कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि भुगतान की संचिका को आगे बढ़ाने और राशि जारी कराने के बदले बीडीओ राजकुमार चौधरी लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।
बार-बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर राज किरण ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई (SVU) में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत गुरुवार को शिकायतकर्ता बीडीओ कार्यालय पहुंचे। जैसे ही बीडीओ राजकुमार चौधरी ने 46 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने तत्काल छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने उनके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली।
विशेष निगरानी इकाई ने आरोपी बीडीओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा-7 के तहत कांड संख्या 21/2026 दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ पटना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में कानूनी और विभागीय कार्रवाई जारी है। आरोपी बीडीओ को शुक्रवार को पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पूर्णिया जिले के प्रशासनिक हलकों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button