भागलपुर

हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो वरना होगा आंदोलन – राजद

तुलसीपुर बहियार में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, राजद ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग—

नवगछिया अनुमंडल के तुलसीपुर बहियार में गुड्डू सनगही के बासा के पास मिली एक महिला की लाश ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। मृतका खरीक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहनेवाली थी। रहस्यमयी हालात में शव मिलने के बाद घटना ने तूल पकड़ लिया है।

img 20240801 wa00017040687439974309214

शनिवार को राजद के तेजतर्रार नेता अवनीश कुमार के नेतृत्व में भागलपुर जिला महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सीमा जेशवाल, नवगछिया जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान, युवा जिलाध्यक्ष अमन आनंद, उपाध्यक्ष सतीश यादव सहित कई कार्यकर्ता मृतका के घर पहुंचे। राजद नेताओं ने परिजनों से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में पार्टी उनके साथ खड़ी है।

अवनीश कुमार ने खरीक थानाध्यक्ष से बात कर घटना में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जवाब में थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार को एफआईआर की कॉपी सौंप दी गई है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।

हालांकि मृतका के बेटे ने बताया कि अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
शव को भागलपुर से पटना मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के पीछे की असल वजह स्पष्ट हो सके।

राजद नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों की गिरफ्तारी में देरी हुई तो पार्टी जनता को साथ लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यह केवल एक महिला की हत्या नहीं, व्यवस्था की नाकामी का प्रतीक है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अब देखना है कि प्रशासन की नींद कब टूटती है और न्याय कब तक दरवाज़े पर दस्तक देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button