बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 आईपीएस अधिकारियों का तबादला

Screenshot 20260510 171628 Facebook

बिहार सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्य पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस व्यापक बदलाव को पुलिस व्यवस्था में बेहतर समन्वय और प्रभावी नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र (गया) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं मगध क्षेत्र के तत्कालीन आईजी क्षत्रनील सिंह को विशेष सचिव, गृह विभाग सह विशेष शाखा, बिहार की जिम्मेदारी दी गई है।


अधिसूचना के अनुसार अमित कुमार जैन को अपर पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध इकाई बनाया गया है। नायर हसनैन खान को अपर पुलिस महानिदेशक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात के पद पर कार्यरत सुधांशु कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, विधि-व्यवस्था, बिहार (पटना) नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें यातायात विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी क्रम में अमित लोढ़ा को अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है, जबकि अमित राज को अपर पुलिस महानिदेशक, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य में बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए इस पद को विशेष महत्व का माना जा रहा है।


इसके अलावा रंजीत कुमार मिश्रा को पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
गृह विभाग के इस निर्णय के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर अंकुश और विधि-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह व्यापक बदलाव किया गया है। संबंधित अधिकारियों को शीघ्र ही अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस प्रशासन में और भी प्रशासनिक परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। राज्य सरकार के इस कदम को बेहतर प्रशासनिक कार्यसंस्कृति और समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *